सनी देओल ने किया “बॉर्डर 2” का ऐलान

मुंबई,14 जून 2024। 1997 में रिलीज हुई ‘बॉर्डर’ को रिलीज हुए आज 27 साल हो गए हैं। इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में सनी देओल, जैकी श्रॉफ, अक्षय खन्ना, सुनील शेट्टी, पूजा शेट्टी जैसे कलाकार लीड रोल में दिखाई दिए थे। इस ब्लॉकबस्टर फिल्म की कहानी दर्शकों को तब खूब पंसद आई थी। अब इस फिल्म के 27 साल पूरे होने पर सनी देओल ने फैंस को एक ऐसी खुशखबरी दी है, जिसके बारे में जानकर अभिनेता के फैन जरूर खुश हो जाएंगे। अभिनेता ने भारत की सबसे बड़ी वॉर फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल, यानी ‘बॉर्डर 2’ का ऐलान कर दिया है।

सनी देओल ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए फैंस को ये खुशखबरी दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पर वीडियो शेयर किया है और देखते ही देखते ये वीडियो कुछ ही समय में यह वायरल हो गया। वीडियो देखने के बाद फैंस इस पर प्रतिक्रिया देने से खुद को रोक नहीं पा रहे हैं। दरअसल, इस वीडियो के साथ सनी देओल ने बॉर्डर 2 का ऐलान किया है। बता दें, 13 जून 1997 को बॉर्डर रिलीज हुई थी, जिसके आज 27 साल पूरे हो गए हैं और इसी के साथ सनी देओल ने फैंस को बॉर्डर 2 की सौगात दे दी है।

अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर सनी देओल ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें अभिनेता की आवाज सुनाई दे रही है। वीडियो में आवाज आती है- ’27 साल पहले एक फौजी ने वादा किया था कि वो वापस आएगा। उसी वादे को पूरा करने, हिंदुस्तान की मिट्टी को अपना सलाम कहने, आ रहा है, फिर से।” वीडियो शेयर करते हुए सनी देओल ने कैप्शन में लिखा है, “एक फौजी अपने 27 साल पुराने वादे को पूरा करने, आ रहा है फिर से। भारत की सबसे बड़ी वॉर फिल्म, #बॉर्डर2।”