सरगुजा,29जून(वेदांत समाचार)। जिले में रविवार दोपहर रूह कंपा देने वाला भीषण हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घर में जा घुसी, इस दौरान मौजूद परिवार के लोग दुर्घटना का शिकार हो गए. दो महिलाओं समेत चार गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ड्राइवर को पीटना शुरू कर दिया. स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर मौजूद है. घटना दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कंठी की है. जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है.
महिलाएं और बच्चे घर के बरामदे पर मौजूद थे. इसी दौरान मैनपाट से अंबिकापुर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर घर के आंगन में घुस गई. हादसे में दो महिला और दो बच्चे घायल हो गए. एक महिला का सिर फट गया, तो दूसरी महिला का पैर कट गया है. घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है. वहीं टक्कर और चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई.
ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, कार सवारों को पीटा
कार में तीन लोग सवार थे, जिन्हें आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर पीटा है. गुस्सा इतना है कि उन्होंने कार को पलटा दिया. मौके पर तनाव की स्थिति बन गई. सूचना पर पुलिस अधिकारी के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद है. लगातार स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया है. आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.



