Vedant Samachar

CG News : संदिग्धों पर शिकंजा कसने में जुटी पुलिस, 125 घरों की ली तलाशी, तलवार और गांजा का पौधा बरामद

Vedant Samachar
3 Min Read

राजनांदगांव,28जून(वेदांत समाचार)। राजनांदगांव पुलिस ने शहर के लखोली स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परिसर में शुक्रवार को बड़ा तलाशी अभियान चलाया। इस सघन कार्रवाई में 125 से अधिक मकानों में दस्तक देकर मुसाफिरों, किरायेदारों, फेरीवालों और संदिग्धों की गहन पूछताछ की गई। अभियान के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति के पास से गमले में उगाया गया गांजे का पौधा और एक अन्य के पास से तलवार मिली, जिसके बाद दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस को कई दिनों से इन इलाकों में अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी। उसी के आधार पर सीएसपी पुष्पेंद्र नायक के नेतृत्व में थाना कोतवाली की टीम ने पूरी प्लानिंग के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। तलाशी अभियान के दौरान सभी मकान मालिकों, किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के पहचान पत्रों जैसे आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस की गहनता से जांच की गई। मकानों की चेकिंग के दौरान कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई।

गांजा का पौधा उगाकर छिपा रखा था गमले में
पुलिस जब एक संदिग्ध व्यक्ति के घर पहुंची तो वहां गमले में गांजे का पौधा उगाया हुआ मिला। आरोपी ने इसे सजावटी पौधे की तरह रख रखा था, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और सतर्कता से यह भंडाफोड़ हुआ। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।

तलवार के साथ युवक पकड़ा गया
इसी दौरान तलाशी में एक अन्य व्यक्ति के पास बिना लाइसेंस की धारदार तलवार भी मिली, जो कि कानूनन अपराध है। पुलिस ने तत्काल आर्म्स एक्ट की धारा के तहत कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने दी जानकारी
सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने मीडिया को बताया कि, “लखोली जैसे आवासीय क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए यह अभियान चलाया गया। पुलिस की टीम ने संयम और सटीकता से कार्रवाई को अंजाम दिया। आगे भी इस तरह की चेकिंग लगातार चलती रहेगी, ताकि शहर को अपराध मुक्त रखा जा सके।” पुलिस का यह अभियान न केवल अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में कारगर साबित हुआ, बल्कि यह भी स्पष्ट संकेत देता है कि कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे रहवासियों को राहत और सुरक्षा का अनुभव हो रहा है।

Share This Article