जेल में बिगड़ी जलेबी बाबा की तबियत, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

जलेबी बाबा के नाम से प्रसिद्ध बिल्लू राम की हरियाणा के हिसार में केंद्रीय कारागार-2 में अचानक तबियत बिगड़ गई। पुलिसकर्मी उसे नागरिक अस्पताल में लेकर आए, यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जलेबी बाबा को मृत घोषित कर दिया। बिल्लू राम उर्फ़ जलेबी बाबा दुष्कर्म व आईटी एक्ट के मामले में 14 साल की सजा काट रहा था।

बता दें कि, फतेहाबाद के टोहाना निवासी बिल्लू राम उर्फ जलेबी बाबा द्वारा कई महिलाओं से संबंध बनाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। टोहाना के लोगों ने तब बाबा के खिलाफ प्रदर्शन किया था। मामला चर्चित होने पर टोहाना सिटी थाना पुलिस ने 19 जुलाई 2018 को जलेबी बाबा के खिलाफ दुष्कर्म और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।

पुलिस ने बरामद किए थे 100 से ज्यादा वीडियो


पुलिस ने बाद में नामजद बिल्लू बाबा को गिरफ्तार कर लिया था और उसकी निशानदेही पर उसके घर से 100 से ज्यादा वीडियो बरामद किए थे। इनमें वह अलग-अलग महिलाओं से संबंध बनाता दिखा था। फतेहाबाद की अदालत ने दुष्कर्म कर वीडियो बनाने के एक मामले में उसे 14 साल की कैद और 35 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई थी।