पंजाब की राजनीति में बड़ी शोक की खबर सामने आई है। बता दें कि, आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और तरनतारन विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल का निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
डॉ. सोहल न केवल एक समर्पित राजनेता थे, बल्कि अपने सामाजिक सरोकारों के लिए भी जाने जाते थे। चिकित्सा पृष्ठभूमि से राजनीति में आए डॉ. सोहल ने अपने क्षेत्र की जनता की सेवा को ही जीवन का लक्ष्य बना लिया था। विधायक के रूप में उन्होंने तरनतारन में स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कई महत्त्वपूर्ण प्रयास किए थे।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनके निधन पर गहरा शोक जताते हुए कहा,
तरनतारन से हमारे पार्टी के सम्माननीय विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल जी के आकस्मिक निधन की दुखद ख़बर मिली। सुनकर बेहद दुःख लगा, डॉ. साहब पार्टी के एक मेहनती और संघर्षशील नेता थे। इस दुख भरी घड़ी में उनके परिवार के प्रति दिल से हमदर्दी। परमात्मा दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार सहित चाहने वालों को इस मुश्किल समय में धैर्य और हिम्मत दे।



