कोरबा,27जून 2025(वेदांत समाचार) : कोरबा में जेल से छुटकर आए युवकों ने मारपीट की है। मोती सागर बस्ती में दो भाइयों को कुछ लोगों ने मिलकर मारा। परमेश्वर साहू रात 10 बजे काम से घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। बचाव में आए भाई हीरा साहू पर भी हमला किया गया। आरोपियों ने कांच की बोतल से दोनों भाइयों के सिर पर चोट पहुंचाई। खून से लथपथ दोनों भाई कोतवाली थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परमेश्वर के मुताबिक, हमलावर नशे में थे।
इनमें से चार लोग हत्या के मामले में जेल से हाल ही में छूटकर आए हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। स्थानीय निवासी लक्ष्मी सिंह ने बताया कि बस्ती में नशेड़ियों का अड्डा है। यहां महुआ शराब, गांजा और नशीली दवाएं बेची जाती हैं। इस मामले में सुशासन तिहार कार्यक्रम में शिकायत की गई थी। इसी के बाद नशा करने वाले युवकों ने बदले की भावना से यह हमला किया। बस्तीवासियों ने एसपी से मिलकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर भी इस घटना की जानकारी साझा की है, जो तेजी से वायरल हो रही है।



