Vedant Samachar

CG News : टैक्स वसूली में तेज, बिजली बिल देने में फेल! बिलासपुर नगर निगम 230 करोड़ का बना बकायादार…

Vedant Samachar
2 Min Read
बिलासपुर नगर निगम बना बिजली कंपनी का सबसे बड़ा बकायेदार, 230 करोड़ पार

बिलासपुर,27जून(वेदांत समाचार)। शहर में बिजली बकाया को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। नगर निगम ने विद्युत वितरण कंपनी को डेढ़ साल से एक भी रुपए का भुगतान नहीं किया है। नतीजतन बकाया बिजली बिल अब 230 करोड़ रुपए से ज्यादा पहुंच गया है। दिलचस्प बात ये है कि नगर निगम शहरवासियों से हर साल करोड़ों का टैक्स तो वसूलता है, लेकिन खुद का बिजली बिल देना भूल गया है। बिलासपुर के सिटी सर्किल में बिजली बकाया को लेकर स्थिति दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।

सिटी सर्किल की कुल बकाया राशि इस वक्त 290 करोड़ 58 लाख रुपए तक जा पहुंची है। इसमें अकेले नगर निगम का 230 करोड़ 47 लाख रुपए बकाया है। नगर निगम ने विद्युत वितरण कंपनी से कार्यालय, गार्डन, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन, वाटर वर्क्स और मैदान समेत दर्जनों कनेक्शन ले रखे हैं। इसके एवज में हर महीने करीब 2 करोड़ रुपए का बिल जारी किया जाता है, लेकिन पिछले डेढ़ साल से एक रुपए का भी भुगतान नहीं हुआ है। इतना ही नहीं, हर महीने बकाया राशि पर सरचार्ज भी जुड़ रहा है, जिससे राशि में भारी बढ़ोतरी हो रही है।

पहले साल के अंत में निगम नगरीय प्रशासन विभाग के जरिए कुछ रकम चुका देता था, लेकिन इस साल एक भी पैसा जमा नहीं किया गया। कोविड काल में भी दो साल तक निगम ने बिजली बिल नहीं भरा था। अब स्थिति यह है कि सिटी सर्किल में आने वाले सातों जोनों में बकाया लगातार बढ़ता जा रहा है।

कितना है किस पर बकाया?

नगर निगम — 230.47 करोड़ रुपए

अन्य सरकारी विभाग — 16.52 करोड़ रुपए

अन्य उपभोक्ता — 43.59 करोड़ रुपए

कुल बकाया — 290.58 करोड़ रुपए

बकाया वसूली के लिए विद्युत वितरण कंपनी ने कई बार अभियान चलाया, लेकिन कोई ठोस नतीजा अब तक नहीं निकल सका है। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन इस मामले में कब जागता है।

Share This Article