Vedant Samachar

वार्ड क्रमांक 15 में सड़क मरम्मत कार्य का भूमि पूजन संपन्न,8 लाख की लागत से झरनापारा गौर चौक से साहू मोहल्ला तक होगा निर्माण कार्य

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,30अक्टूबर (वेदांत समाचार)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 15 अंतर्गत झरनापारा में सड़क मरम्मत कार्य का भूमि पूजन बड़े ही उत्साह के साथ संपन्न हुआ। गौर चौक से साहू मोहल्ला तक बनने वाली सड़क के इस कार्य की लागत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। भूमि पूजन कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड पार्षद श्रीमती प्रेमलता बंजारे के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर वार्ड के पूर्व पार्षद अविनाश बंजारे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित जनों ने वार्ड में हो रहे विकास कार्यों को लेकर प्रसन्नता जताई। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्रीमती प्रेमलता बंजारे ने कहा कि नगर निगम के सहयोग से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गौर चौक से साहू मोहल्ला तक की सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद नागरिकों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।

पार्षद ने आगे कहा कि सड़क के अलावा वार्ड में नाली निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों के लिए भी नगर निगम में प्रस्ताव भेजे गए हैं। इन कार्यों की स्वीकृति मिलते ही शीघ्र ही निर्माण शुरू किया जाएगा। उन्होंने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि वार्ड की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

कार्यक्रम में वार्ड के वरिष्ठ नागरिक, महिला समिति की सदस्याएँ, युवा प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भूमि पूजन कार्यक्रम का समापन पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के साथ किया गया। वार्डवासियों ने पार्षद के प्रयासों की सराहना करते हुए वार्ड के निरंतर विकास की कामना की।

Share This Article