Vedant Samachar

बंगाल में बने सिस्टम से प्रदेश में आज बारिश के आसार, रायपुर-बिलासपुर 24 घंटे में बढ़ेगी ठंड

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर,28नवंबर (वेदांत समाचार)। बंगाल की खाड़ी में विकसित गहरे दबाव क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आज दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। दक्षिण और मध्य क्षेत्रों जैसे कि, बस्तर, धमतरी, महासमुंद तथा रायपुर, बिलासपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले एक दिन में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। इसके बाद दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों को सतर्क करते हुए सलाह दी है कि अचानक गिरते तापमान के कारण हाइपोथर्मिया, सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। विभाग ने शीतलहर के दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, आवश्यकता पड़ने पर ही यात्रा करने और गर्म कपड़ों का अनिवार्य उपयोग करने की अपील की है।

पिछले 24 घंटों में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। पिछले दस वर्षों में नवंबर महीने में इतनी कम न्यूनतम तापमान की यह पहली घटना है।

नवंबर का मौसम रिकॉर्ड के लिहाज से भी दिलचस्प रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 2 नवंबर 1935 को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जबकि 22 नवंबर 1883 को न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, जिसे अब तक नवंबर की सबसे ठंडी रात माना जाता है।

बारिश के रिकॉर्ड भी इस महीने में बने हैं। वर्ष 1924 में नवंबर में सर्वाधिक 138.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। इसके अलावा 2 नवंबर 1930 को 24 घंटे में 70.4 मिमी बारिश हुई थी, जो अब तक का सबसे बड़ा एकदिवसीय वर्षा रिकॉर्ड है।

Share This Article