रायगढ़,17 अप्रैल (वेदांत समाचर)। रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघनपुर के पास दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार बेकाबू कोयला लोड ट्रेलर ने एक स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्कूटी सवार गर्भवती महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के सिंघनपुर के पास कोयला लेकर जा रहे ट्रेलर क्रमांक (CG-13-AD-2483) के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी सवार महिला ट्रेलर के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतिका गर्भवती थी। हादसे के वक्त स्कूटी पर महिला का पति और बच्चा भी सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने भारी संख्या में एकत्रित होकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। सूचना मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई है और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। फिलहाल सड़क पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।
