BIG ACCIDENT : दर्दनाक सड़क हादसों का दौर जारी, ट्रक असंतुलित होकर कई वाहनों से टकराकर स्कॉर्पियो पर जा पलटी, 6 लोगों को मौत, 3 की हालात गंभीर

भागलपुर। आमापुर गांव के समीप एनएच 80 पर देर रात 11:30 बजे छर्री लदा हाइवा तीन बारात सवार स्कॉर्पियो पर पलट गया। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस घटना में दो स्कार्पियो को आंशिक क्षति हुई है, जबकी एक स्कॉर्पियो सवारी सहित छर्री के नीचे पूरी तरह ढंक गया।

छर्री के नीचे दबे स्कार्पियो में नौ सवारी सवार थे। स्थानीय ग्रामीण और राहत कर्मियों द्वारा छर्री हटाया गया। इस क्षतिग्रस्त स्कार्पियो में सवार दस वर्षीय बालक सहित छह लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना में तीन गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया।

घायल अनूप लाल दास ने बताया कि हमलोग मुंगेर से श्रीमतपुर पीरपैंती बरात जा रहे थे। घटनास्थल के पास अचानक छर्री लदा हाइवा पलट गया। हम लोग छर्री के नीचे पूरी तरह ढंक गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से किसी तरह मेरी जान बची है, लेकिन छह लोगों की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों में इस बात की नाराजगी है कि दो घंटे से राहत कार्य चल रहा था, लेकिन इस दौरान पुलिस ने एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं की। हालांकि पुलिस ने अपनी गाड़ी से ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

स्थानीय लोगों ने कही ये बात

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कंपनी की लापरवाही से आधी अधूरी सड़क निर्माण कार्य किया जाता है। इससे परिचालन में परेशानी होती है। जो अक्सर घटना व वाहन पलटने का कारण बनता है। वहीं स्थानीय किसानों द्वारा सड़क पर ही मक्का सूखाया जाता है। इससे भारी वाहनों को गुजरने मे परेशानी होती है। इस घटना में भी मक्का का सड़क पर पसरा होना ही घटना का कारण बताया जा रहा है।