Vedant Samachar

गुजरात-महाराष्ट्र में ईडी का छापा, साइबर अपराध से जुड़ा है मामला…

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली ,25जून। प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को गुजरात और महाराष्ट्र में जालसाजों से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत छापेमारी की। मामला कथित तौर पर डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराध और 100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि विदेश में स्थानांतरित करने से जुड़ा हुआ है। गुजरात के सूरत-अहमदाबाद में और मुंबई में संघीय जांच एजेंसी के सूरत उप-क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापेमारी की गई।

क्या है मामला?
सूत्रों ने बताया कि धन शोधन का मामला गुजरात पुलिस की ओर से मकबूल डॉक्टर, काशिफ डॉक्टर, बासम डॉक्टर, महेश मफतलाल देसाई, माज अब्दुल रहीम नाडा और कुछ अन्य के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर से उपजा है।
विज्ञापन

आम जनता को ठगने का आरोप
उन्होंने बताया कि आरोपियों पर फर्जी यूएसडीटी ट्रेडिंग (क्रिप्टो करेंसी), डिजिटल अरेस्ट, कानून प्रवर्तन एजेंसियों के फर्जी नोटिस भेजकर निर्दोष व्यक्तियों को धमकाने जैसे विभिन्न साइबर धोखाधड़ी के जरिए आम जनता को ठगने का आरोप है।

100 करोड़ से अधिक की धनराशि विदेश भेजने का संदेह
इस साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से भोले-भाले व्यक्तियों से प्राप्त धन को फर्जी व्यक्तियों के केवाईसी का उपयोग करके या केवाईसी दस्तावेजों को जाली बनाकर खोले गए बैंक खातों में एकत्र किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, अवैध धन को विभिन्न ‘अंगड़िया’ या हवाला ऑपरेटरों के माध्यम से क्रिप्टो करेंसी में बदला गया। उन पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि विदेश भेजने का संदेह है।

Share This Article