जंगल में लगी भीषण आग,धू-धूकर जले कई पेड़-पौधे, बदमाशों पर आग लगाने की आशंका

कोरबा,11मार्च। कोरबा जिले में गर्मी का मौसम आते ही आग लगने की घटनाएं शुरू हो गई हैं। कोरबा वनमंडल के बालको रेंज के जंगल में शनिवार को आग लगी, जिसने कई पेड़-पौधों को अपनी चपेट में ले लिया। रोगबहरी और जामबहार के बीच के जंगल का बड़ा इलाका आग की लपटों से घिर गया था, जिस पर अब काबू पा लिया गया है।पहले झाड़ियों में आग लगी, इसके बाद लपटें तेजी से फैल गईं। आग से भारी संख्या में वनस्पतियां खाक हो गईं और पक्षियों में भी भगदड़ मच गई।

जंगल में फैला धुआं

आग से आसपास के जंगलों में भी आग लगने की आशंका बढ़ गई थी, हालांकि समय पर इस पर काबू पा लिया गया। जंगल और आसपास का इलाका धुएं से भर गया। आश्चर्य की बात ये है कि वन विभाग के अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
शरारती तत्वों पर आग लगाने की आशंका,ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने धुआं फैला हुआ देखा, जिसके बाद वे जंगल की ओर गए, तो वहां आग लगी हुई थी। लोगों ने आशंका जताई है कि शरारती तत्वों ने झाड़ियों में आग लगाई, जो फैल गई। बता दें कि हर साल गर्मी के मौसम में जंगलों में भीषण आग लगती है। इससे जंगल में रहने वाले वन्य प्राणियों की मौत हो जाती है, पेड़-पौधे झुलस जाते हैं। इस आग से सबसे अधिक नुकसान जंगली जानवरों को होता है।