Mahashivratri 2024: मंदसौर में दूल्हा बने भगवान पशुपतिनाथ, दर्शनों के लिए सुबह चार बजे से ही पहुंचने लगे भक्त

मंदसौर। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शुक्रवार सुबह से ही भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर पर भक्त पहुंच रहे हैं। शिवना नदी के घाटों से लेकर गर्भगृह तक आकर्षक विद्युत सज्जा से पूरा मंदिर परिसर जगमग कर रहा है। अन्य सजावट भी की गई है। भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के पट महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह चार बजे खुल गए हैं। जो अब 33 घंटे बाद 9 मार्च की दोपहर एक बजे बंद होंगे। रात में चारों प्रहर के अभिषेक, श्रृंगार होंगे।

महाशिवरात्रि पर दिन भर में 50 हजार से अधिक भक्तों के पहुंचने का अनुमान है। मंदिर परिसर, घाट, पार्किंग स्थल एवं भक्तों के आने-जाने वाले मार्गो पर 150 से अधिक पुलिस जवान तैनात हैं। शुक्रवार रात में मंदिर में चारों प्रहर के अभिषेक, श्रृंगार, भजन-कीर्तन एवं अभिषेक होंगे। 9 मार्च को सुबह चार बजे चौथे प्रहर का अभिषेक के साथ ही नयनाभिराम श्रृंगार होगा। मंदिर परिसर में कंट्रोल रूम पर 75 कैमरों से नजर रखी जा रही है।

मंदिर परिसर में दिख रही रौनक

भक्त व भगवान के बीच बंदिशों का परदा नहीं है। हालांकि ज्यादा संख्या होने से गर्भगृह में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। भक्तों के बेग प्रवेश द्वार के बाहर ही रखवाए जा रहे हैं।