BREAKING NEWS : हिमाचल CM सुक्खू ने इस्तीफे की पेशकश की, एक घंटे पहले मंत्री ने कैबिनेट छोड़ी

मंत्री और विधायकों की नाराजगी के बीच हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कांग्रेस ऑब्जर्वर्स से अपने इस्तीफे की पेशकश की है। अब इस पर कांग्रेस हाईकमान फैसला लेगी। सूत्रों के मुताबिक, शाम को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चुनाव किया जा सकता है। कांग्रेस ऑब्जर्वर्स भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार राज्यसभा चुनाव में मंगलवार को हुई क्रॉस वोटिंग के बाद हालात संभालने हिमाचल पहुंचे हैं।

सूत्रों ने बताया कि कुछ विधायकों ने प्रियंका गांधी से फोन पर बात कर सीएम सुक्खू के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। बुधवार को सुबह 11 बजे मंत्री विक्रमादित्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपमानित करने का आरोप लगाकर पद से इस्तीफा दिया था और कहा- गेंद अब आलाकमान के पाले में है।

चुनाव में भाजपा के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने भी कांग्रेस हाईकमान से सुक्खू को CM पद से हटाने की मांग की थी। इस बीच, हिमाचल विधानसभा स्पीकर ने भाजपा के 15 विधायकों को सदन से निष्कासित कर दिया है। इनमें नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी शामिल हैं। विधानसभा में भाजपा मेंबर्स को बाहर करने के लिए मार्शल बुलाए जाने पर हंगामा हुआ।