छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस विधायक ने हैंडपंप सुधार के लिए टोल फ्री नंबर की मांग की, मंत्री साव का जवाब- टोल फ्री सुविधा पहले से उपलब्‍ध

रायपुर,28 फरवरी । छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के 17वें दिन बुधवार को जैजेपुर कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने जांजगीर चांपा में हैंडपंप खनन का मामला उठाया। लोक स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जानकारी दी कि 31 दिसंबर 2023 तक 408 गांव में नलकूप हैंड पंप का खनन किया गया है। खनित नलकूप में से 501 नलकूपों पर स्थापित समस्त हैंड पंप चालू और 158 नलकूपों पर स्थापित समस्त पावर पंप चालू है।

इस दौरान 76 गांव में हैंडपंप खराब होने की 94 शिकायत प्राप्त हुई है। उसे भी गंभीरता से लिया है। गर्मी आने से पहले हमने हैंडपंप टेक्निशियनों की भर्ती की है और सामग्री एकत्रित कर ली है ताकि समय पर सुधार हो सके। जल जीवन मिशन का काम अलग से चल ही रहा है। विधायक बालेश्वर ने कहा कि 659 सफल और 41 असफल है। खराब की स्थिति सही नहीं है। मेरी मांग है कि हैंड पंप सुधार के लिए टोल फ्री नंबर की मांग करता हूं। मंत्री अरुण साव ने जवाब देते हुए कहा, पेयजल की सुविधा के लिए हम कटिबद्ध है। टोल फ्री नंबर की सुविधा पहले से ही है।

राजस्व प्रकरणों के निराकरण का मामला उठा

कांग्रेस विधायक बघेल लखेश्वर ने बस्तर में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण का मामला उठाया। मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि यह सतत प्रक्रिया है। बघेल ने कहा, तीन साल से प्रकरण लंबित है।सेवा शुल्क लगता है क्या? भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा, सेवा शुल्क का मामला आया है। बिलासपुर में हाईकोर्ट गए हैं। शासन के खिलाफ है। जानकारी है क्या? मंत्री ने जवाब देते हुए कहा, पेपर से जानकारी मिली है।

भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा, विवादित और अविवादित मामले का निपटारा करने के लिए सीमा निर्धारित करेंगे क्या? द्वारकाधीश और पुन्नूलाल मोहले ने कहा, समय सीमा की जानकारी मिलते हैं। विधानसभा अध्‍यक्ष डा रमन सिंह ने कहा, शिविर लगाएंगे क्या? सेवा शुल्क ना लगे। डा. चरण दास महंत ने कहा, सेवा शुल्क का नाम शिष्टाचार शुल्क हो गया है। बंद करेंगे क्या? मंत्री ने जवाब दिया, ऐसे कोई शुल्क नहीं है।