भांजे ने चार नाबालिगों को दस-दस हजार रुपये में हत्या की दी सुपारी, मामी के वीडियो काल पर देखी हत्या

इंदौर । रजाई-गद्दा व्यवसायी रूपसिंह की हत्या में पुलिस ने पत्नी पूजा को बैतूल से गिरफ्तार किया। उसके रूपसिंह के भानजे शुभम से अवैध संबंध थे। पूजा ने शुभम से कहा था कि पति को रास्ते से हटाओ। शुभम ने चार नाबालिगों को दस-दस हजार रुपये में हत्या की सुपारी दे दी।

विदुर नगर निवासी 28 वर्षीय रूपसिंह का गुरुवार तड़के अहीरखेड़ी पुलिया के पास शव मिला था। शुरुआती पूछताछ में पूजा ने कहा कि रूपसिंह खाना खाकर रात करीब 11 बजे कचरा फेंकने गया था। रातभर घर नहीं आने पर भतीजे ओमप्रकाश का काल लगाया तो रूपसिंह मृत मिला। देर रात पुलिस ने रूपसिंह के भानजे शुभम पंवार सहित चार को गिरफ्तार कर लिया।

एडिशनल डीसीपी जोन-4 अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक शुभम एक महीने पहले तक रूपसिंह के घर में ही रहता था। इस दौरान पूजा से अवैध संबंध बन गए। रूपसिंह शराब पीकर पूजा के साथ मारपीट करता था। उसने शुभम का भी दांत तोड़ दिया था। रोज-रोज की प्रताड़ना से परेशान पूजा ने शुभम से कहा कि रूपसिंह को रास्ते से हटा दो। शुभम चारों नाबालिगों को हत्या के लिए तैयार कर लिया। साजिश के तहत पूजा ने घर के दरवाजे खुले रखे। शुभम ने तीन आरोपितों को घर भेजा और एक उसके साथ रुका। वह पूजा को वीडियो काल कर निर्देश देता रहा। पूजा ने नाबालिगों को इशारा कर बताया कि रूपसिंह सो गया है।

पत्थर से कुचला और गमछे से गला घोंटा

आरोपितों ने चद्दर से मुंह ढंक कर रूपसिंह का पत्थर से सिर कुचल डाला। वह तड़पता हुआ गिरा। बिस्तर खून से सन गया। आरोपितों ने गमछे से गला घोंटा और सांस रुकने तक दबाए रखा। इसके बाद बोरे से ढंक कर स्कूटर से शव ले गए। खून सने बिस्तर भी रख लिए। आरोपितों ने शव पुलिया के पास फेंका और स्कूटर छोड़ दिया ताकि लोग दुर्घटना समझें। बिस्तर भी थोड़ी दूरी पर छुपा कर रख दिए। पूरा घटनाक्रम शुभम वीडियो काल पर देख रहा था।

वीडियो काल देखकर चौंकी एसीपी

हत्या की गुत्थी भी पूजा के फोन से खुली। घटना के बाद पूजा से बातचीत करने पहुंची एसीपी नंदिन शर्मा ने फोन देखा तो उसमें शुभम का वीडियो काल दिखा। इससे उस पर शक गहराया। कुछ लोगों ने पूजा और शुभम के संबंधों की जानकारी भी दी। पोस्टमार्टम के बाद पूजा तो शव लेकर बैतूल निकल गई, लेकिन शुभम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गुरुवार रात उसने घटनाक्रम बताया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने पूजा को भी गिरफ्तार कर लिया।

अधमरा करना था ताकि बिस्तर पर रहे

शुक्रवार देर रात अफसरों ने पूजा से पूछताछ की तो उसने कहा कि पति शराब पीकर मारता था। शुभम से कहा था कि जान से नहीं मारना है, सिर्फ अधमरा करना है ताकि वह बिस्तर पर पड़ा रहे। सुपारी लेने वाले नाबालिगों ने जान से खत्म कर दिया।