नाबालिग देवर ने ममेरे भाई के साथ मिलकर भाभी की कर दी हत्या, दोनों ने मृतका के साथ किया दुष्कर्म, दोनों आरोपी गिरफ्तार

राजपुर,06 फरवरी । राजपुर से लगे ग्राम परसागुड़ी हरितिमा बांसबाड़ी जंगल के रास्ते में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मिली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। आंखों से दिव्यांग नाबालिग देवर ने ममेरे भाई के साथ मिलकर भाभी की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद दोनों ने मृतका के साथ दुष्कर्म भी किया था। पुलिस ने हत्या व दुष्कर्म के आरोप पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

बीते 31 जनवरी को राजपुर के गेउर हरीतिमा परसागुड़ी बासबाड़ी जंगल के रास्ते पर महिला की लाश मिली थी। मृतका की पहचान होने पर पुलिस ने उसके संबंध में जानकारी जुटाई थी। मृतका की शादी पहले वाड्रफनगर क्षेत्र में हुई थी। महिला के तीन संतान भी है। विवाद के कारण पति व बच्चों को छोड़कर वह वापस लौट आई थी। कुछ वर्ष पहले ग्राम परसागुड़ी निवासी एक व्यक्ति के साथ उसने रहना शुरू किया था। मृतका और उसका पति अंबिकापुर के असोला में रहकर मज़दूरी करते थे। इतनी जानकारी मिलने के बाद एसडीओपी इमानुएल लकड़ा व थाना प्रभारी राजेश खलखो के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपितों का सुराग जुटाने प्रयास शुरू किया। इसके लिए सबसे पहले मृतका के मोबाइल नंबर का काल डिटेल निकाला गया।

काल डिटेल में शव मिलने के दिन एक ही मोबाइल नंबर से कई बार बातचीत होने की पुष्टि हुई। उक्त संदिग्ध मोबाइल नंबर मृतका के दोनों आंखों से दिव्यांग नाबालिग देवर का निकला। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया तो उसने ममेरे भाई के साथ भाभी की नायलोन रस्सी से गला घोंट हत्या करना स्वीकार किया। दोनों ने पुलिस को यह भी बताया कि गला घोंटने के बाद दोनों ने मृतका के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म भी किया था। पुलिस ने हत्या और दुष्कर्म के आरोप पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में कार्रवाई में थाना प्रभारी राजपुर राजेश खलखो, उप निरीक्षक विजय दुबे, दिनेश राजवाडे, एएसआई राकेश सिंह, अशोक तिर्की, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र ध्रुव, अनिल कुमार, आरक्षक रूपेश गुप्ता, ज्ञान प्रकाश लकड़ा, संजय जायसवाल, बिजेन्द्र भगत, नरेन्द्र कश्यप, हरिशंकर उनसेना व सायबर सेल बलरामपुर मंगल सिंह, सुखलाल सिंह, राजकिशोर पैकरा का योगदान रहा।

गेंहू फसल सिंचाई के नाम पर फोन कर बुलाया था देवर ने

पुलिस जांच में पता चला कि नाबालिग दिव्यांग देवर ने सुनियोजित तरीके से भाभी को मोबाइल कर गेंहू फसल में सिंचाई के लिए बुलाया था। नाबालिग दिव्यांग के साथ ममेरा भाई भी था। महिला असोला गांव से वहां पहुंची थी। सिंचाई के बाद मृतका के साथ दोनों ने एक साथ मुर्गा और शराब का सेवन किया। नाबालिग दिव्यांग ने भाभी के असोला में जाकर रहने और पैसा नहीं देने को लेकर विवाद किया। दोनों अगल-बगल बैठे थे। अचानक घर से लाए रस्सी से उसने भाभी का गला कस दिया। उसके सीने पर चढ़कर गला घोंट दिया। महिला की मौत के बाद दोनों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने नाबालिग सहित दोनो को गिरफ्तार कर लिया।