ट्रक चालकों के लिए हाईवे किनारे बनेंगे 1000 आधुनिक विश्राम गृह

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में ट्रक और टैक्सी चालकों के लिए बड़ी घोषणा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि जो ट्रक चलाते हैं, जो टैक्सी चलाते हैं, वे ड्राइवर हमारी सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था का एक अभिन्न अंग हैं। अक्सर ये ड्राइवर घंटों लगातार ट्रक चलाते हैं। इनके पास आराम का समय नहीं होता।

ड्राइवरों को बीच सफर में आराम देने के लिए केंद्र सरकार ने एक नई योजना पर काम शुरू किया है। इस योजना के तहत सभी राष्ट्रीय राजमार्गों पर ड्राइवरों के लिए नई सुविधाओं वाले आधुनिक भवनों का निर्माण किया जाएगा। पहले चरण में 1000 आधुनिक विश्राम गृह बनाए जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनकी सरकार के तीसरे कार्यकाल में देश निश्चित रूप से दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

पीएम मोदी का यह बयान आगामी अप्रैल-मई में होने वाले आम चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की जीत के विश्वास को दिखाता है। उन्होंने कहा कि आज का भारत 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज का भारत भविष्य की नीतियों को ध्यान में रखते हुए नई नीतियां बना रहा है। इसमें मोबिलिटी सेक्टर एक बहुत बड़ी भूमिका अदा करने वाला है।

संसद में जो अंतरिम बजट पेश हुआ है, उसमें भी इसका विजन देख सकते हैं। देश की अर्थव्यवस्था का तेजी से विस्तार हो रहा है। हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल में भारत का दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना तय है। हमारी सरकार के प्रयासों से पिछले 10 सालों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। आज देश में बड़ी संख्या में नव मध्य वर्ग बना है जिसकी अपनी आशा, आकांक्षाएं हैं। अपने संबोधन से पहले पीएम मोदी कार्यक्रम में मौजूद उद्योपतियों से बात करते भी नजर आए।