Vedant Samachar

IND vs ENG: हर्षित राणा को कवर के तौर पर भारतीय टीम में शामिल किया गया पहले मैच के लिए लीड्स पहुंची टीम

Vedant Samachar
2 Min Read

लीड्स,18जून 2025। इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले तेज गेंदबाज हर्षित कवर के तौर पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है। वह टीम के अन्य सदस्यों के साथ ट्रेन से लीड्स पहुंचे जहां भारत को 20 जून से पहला टेस्ट मैच खेलना है। हर्षित भारत ए टीम का हिस्सा थे और उन्होंने इंग्लैंड लायंस के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट में हिस्सा लिया था।

18 सदस्यीय टीम में नहीं मिली थी जगह
हर्षित ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम के लिए डेब्यू किया था, लेकिन उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ 18 सदस्यीय टीम में जगह नहीं दी गई थी। 23 वर्षीय इस तेज गेंदबाज ने भारत के लिए अब तक दो टेस्ट, पांच वनडे और एक टी20 मुकाबला खेला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, हर्षित को कवर के तौर पर भारतीय टीम में शामिल किया गया है और वह आज टीम के साथ लीड्स पहुंच गए हैं।

टीम के साथ आए नजर
हर्षित को टीम के बाकी सदस्यों के साथ लीड्स रेलवे स्टेशन से बाहर निकलते देखा गया। टीम लंदन से लीड्स पहुंची है। पहला टेस्ट 20 जून को हेडिंग्ले में शुरू होगा। भारत ने बेकेनहैम में भारत ए के खिलाफ इंट्रा-स्क्वाड मैच खेला, जो इस सीरीज के लिए उनका एकमात्र अभ्यास मैच था। इससे पहले हालांकि केएल राहुल, करुण नायर, यशस्वी जायसवाल, शार्दुल ठाकुर, ध्रुव जुरेल और नीतीश रेड्डी जैसे खिलाड़ी ए टीम के साथ इंग्लैंड पहुंचे थे। ये सभी खिलाड़ियों इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ए के मैच का हिस्सा थे।

इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है…
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर और उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव।

Share This Article