ईंट का अवैध कारोबार कोरबा में जोरों पर, बेधड़क बिना लाइसेंस चल रहे भट्ठे

कोरबा-करतला, 1 फरवरी। कोरबा जिले के अनेक इलाकों में लाल ईंट का अवैधानिक निर्माण व कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। इनकी जांच पड़ताल और धरपकड़ की कार्रवाई अपेक्षाकृत नगण्य होने से हौसले बुलंद हैं। कार्रवाई के नाम पर खनापूर्ति ही होती रही है। मिट्टी,पानी का अवैधानिक विदोहन कर अवैध संचालित बड़े-बड़े ईंट भट्ठों पर क्षेत्र के अधिकारियों की नजर नहीं पड़ना भी सन्देहास्पद है।

इसी कड़ी में करतला ब्लॉक के बरपाली तहसील के अंतर्गत कई अवैध लाल ईंट भठ्ठा बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं जिस पर प्रशासन द्वारा संज्ञान नहीं लिया जा रहा है।


ज्ञात हो कि करतला ब्लॉक के बरपाली तहसील अंतर्गत कई सारे लाल ईंट के अवैध भट्ठे संचालित हैं। ऐसा ही एक लाल ईंट का अवैध भठ्ठा कोथारी नाका से बीरतराई मार्ग में संचालित है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार यह ईंट भठ्ठा मड़वारानी निवासी इतवारी प्रजापति द्वारा बिना लाइसेंस के संचालित किया जा रहा है। इस भठ्ठे में ईंट को पकाने के लिए चोरी का कोयला उपयोग किया जाता है। भठ्ठा संचालन के लिए राजस्व विभाग, पर्यावरण विभाग, पंचायत विभाग किसी से भी एनओसी नहीं लिया गया है और न ही किसी प्रकार की अनुमति ली गई है। ईंट निर्माण के लिए क्षेत्र से मिट्टी का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। क्षेत्र के लोगों द्वारा बताया गया कि यह लाल ईंट का भठ्ठा काफी लंबे समय से संचालित है जिस पर प्रशासन द्वारा अभी तक न तो कोई संज्ञान लिया गया है और न ही कोई कार्यवाही की गई है। इससे अवैध ईंट भट्ठा संचालकों के हौसले बुलंद हैं।