राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किये प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को असाधारण क्षमताओं और उत्कृष्ट उपलब्धियों वाले बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024 प्रदान किये। श्रीमती मुर्मु ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक समारोह में नौ लड़के और 10 लड़कियाें को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार दिये। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी , मंत्रालय में राज्य मंत्री महेंद्र भाई मुंजपरा और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रपति ने प्रत्येक पुरस्कृत बच्चें को एक पदक, प्रमाण पत्र और एक प्रशस्ति पुस्तिका दी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार असाधारण क्षमताओं और उत्कृष्ट उपलब्धियों वाले बच्चों को दिया जाता है। यह पुरस्कार पांच से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को साहस, कला और संस्कृति, पर्यावरण, नवाचार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा और खेल के लिए सात श्रेणियों में उनकी उत्कृष्टता के लिए दिए जाते हैं। इस वर्ष राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024 के लिए, देश के सभी क्षेत्रों से 19 बच्चों का चयन किया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जनवरी को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार पुरस्कार विजेताओं के साथ बातचीत करेंगे। बच्चे 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में भी भाग लेंगे।