कार अनियंत्रित होकर ब्रिज से क्षिप्रा नदी में गिरी, श्वान को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

उज्जैन। मंगलनाथ मंदिर के समीप शुक्रवार को एक कार अनियंत्रित होकर ब्रिज से क्षिप्रा नदी में गिर गई। हालांकि कार किनारे पर ही गिरी और यात्रियों को बचा लिया गया। कार में प्रयागराज निवासी परिवार की दो महिलाएं व एक पुरुष सहित इंदौर निवासी कार चालक सवार था। कार को क्रेन की मदद से नदी से निकाला गया। बताया जा रहा है कि कार के सामने श्वान आ जाने से उसे बचाने के चक्कर में दुर्घटना हुई।

चिमनगंज पुलिस ने बताया कि कपिल बाली अपनी बहन मोनिका मेहता और चाची स्नेहा बाली के साथ इंदौर आया था। यहां से वह बलराम भारले की कार किराए पर लेकर शुक्रवार को उज्जैन आए थे। यहां सभी काल भैरव मंदिर व सिद्धनाथ के दर्शन कर मंगलनाथ मंदिर की ओर आ रहे थे। इस दौरान क्षिप्रा नदी पर बने ब्रिज पर एकाएक श्वान सामने आ गया। इससे कार अनियंत्रित होकर सीधे क्षिप्रा नदी में गिर गई। हालांकि कार किनारे पर ही गिरी थी। इससे तत्काल लोगों ने उन्हें बचा लिया। उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया।

कार का कांच तोड़ रही थी महिलाएं

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के नदी में गिरने से उसमें सवार महिलाएं व पुरुष काफी घबरा गए थे। सभी कार के कांच तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। मगर कांच नहीं टूट नहीं रहा था। लोगों ने दरवाजे खोलकर सबको बाहर निकाल लिया, जिससे गंभीर हादसा टल गया।