Vedant Samachar

200 मीटर में मुख्य सडक़ को शिकंजे में लिया गड्ढों ने, दुर्घटना का डर बारिश से पहले सुधार नहीं हुआ तो बढ़ेगी परेशानी…

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,14जून 2025(वेदांत समाचार)। कोरबा-उरगा मार्ग पर स्थित थाना के ठीक सामने की लगभग 200 मीटर लंबी सडक़ जर्जर हालत में पहुंच गई है। सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढों ने आवागमन को खतरे में डाल दिया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। यह मार्ग लोक निर्माण विभाग के अधीन आता है। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने मानसून की शुरुआत से पहले इस मार्ग की मरम्मत की मांग की है। क्षेत्रीय पुलिस और सामाजिक संगठनों द्वारा भी इस मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, इस मार्ग पर गड्ढों की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि दुपहिया और छोटे वाहन चालकों के लिए यहां से सुरक्षित निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन वाहन फिसलने और गिरने की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर खींचा जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यदि जल्द ही मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, तो बारिश के मौसम में हालात और बिगड़ सकते हैं, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस सडक़ की मरम्मत कराई जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित हादसों से बचा जा सके।

Share This Article