BJP सांसद मनोज तिवारी पहुंचेंगे मनीष कश्यप के घर, जेल से निकलने के बाद सियासी रंग में रंगे यूट्यूबर

नई दिल्ली। तमिलनाडु में बिहारियों की पिटाई से संबंधित फेक न्यूज फैलाने के मामले में मनीष कश्यम 9 महीने जेल में रहे। अब जब वह जमानत पर बाहर आ गए हैं, तो उनके राजनीति में जाने को लेकर चर्चा जोरों पर हैं। आज भाजपा सांसद मनोज तिवारी उनके घर पहुंच सकते हैं। यह खबर जब सामने आई तो राजनीतिक अटकलें लगने लगीं कि मशहूर यूट्यूबर मनीष कश्यप उर्फ त्रिपुरारी तिवारी जल्द ही भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। वह लोकसभा चुनाव में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।

पटना से सड़क मार्ग से दोपहर बाद आने की है संभावना

आज मनोज तिवारी पटना से सड़क मार्ग से मनीष कश्यप के गांव बेतिया के मझौलिया प्रखंड के महनवा गांव में पहुंचेंगे। वह यहां पर मनीष कश्यप के परिजनों से मिलेंगे। यह चर्चा है कि वह भाजपा जॉइन कर सकते हैं।

एक घंटे के लिए मनीष कश्यप के घर रुकेंगे सांसद

मनोज तिवारी इस दौरान मनीष कश्यप के घर पर एक घंटे तक रूकेंगे। वह इस दौरान मनीष कश्यप से राजनीति से लेकर कई तरह के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मनीष कश्यप ने दिल्ली जाकर मनोज तिवारी से मुलाकात की थी। वह इस दौरान जेल में बीते अपने दिनों के किस्से सुनाते हुए काफी भावुक हो गए थे।