ऑनलाइन नकली पिस्टल से लोगों को डराने वाला पकड़ाया जेब में रखकर घुमता था टॉय गन, बारूद भरी हुई प्लास्टिक की 7 गोली भी मिली… – vedantsamachar.in

ऑनलाइन नकली पिस्टल से लोगों को डराने वाला पकड़ाया जेब में रखकर घुमता था टॉय गन, बारूद भरी हुई प्लास्टिक की 7 गोली भी मिली…

दुर्ग, 15 अप्रैल (वेदांत समाचार): दुर्ग जिले के खुर्सीपार इलाके में मंगलवार दोपहर एक युवक नकली पिस्टल से लोगों को डरा रहा था। लोगों के बीच अपनी धाक जमाने के लिए आरोपी हर वक्त नकली पिस्टल अपने साथ लेकर घुमता था। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर उसने बंदूक के साथ स्टेटश भी डाला था। जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी युवक को नकली पिस्टल के साथ लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपी जीरो स्ट्रीट स्थित शहीद भगत सिंह गार्डन के पास घूम रहा था और आने-जाने वाले लोगों को हथियार दिखाकर डराने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक 14 अप्रैल को दोपहर करीब 2:20 बजे टाउन पेट्रोलिंग के दौरान खुर्सीपार चौक के पास एक मुखबिर ने जानकारी दी कि जोन-3 जीरो स्ट्रीट गार्डन के पास एक युवक पिस्टल लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंची। करीब 2:55 बजे पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो गार्डन के सामने सड़क पर एक युवक खड़ा मिला। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और जेब में कुछ छिपाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। पूछताछ में उसने अपना नाम टी. मधुसूदन (30) निवासी एकता नगर, चांदनी चौक, जोन-3 खुर्सीपार बताया।

तलाशी के दौरान युवक की जेब से एक स्टील का पिस्टल बरामद हुआ, जिस पर रेंजर टॉय गन लिखा हुआ था। साथ ही एक छोटे डिब्बे में 7 नग प्लास्टिक की गोलियां भी मिलीं, जिनमें बारूद भरा हुआ बताया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने यह पिस्टल ऑनलाइन मंगाई थी और इसे हमेशा अपने पास रखता था। वह लोगों को डराने के लिए इसका इस्तेमाल करता था। पुलिस ने बताया कि बरामद पिस्टल दिखने में असली हथियार जैसी लग रही थी, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बन सकता था। आरोपी के पास इस पिस्टल से संबंधित कोई लाइसेंस या दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद मौके पर ही पंचनामा बनाकर पिस्टल और गोलियों को जब्त कर लिया गया।

जब्त सामान की कीमत करीब 1400 रुपए बताई गई है। इस मामले में खुर्सीपार थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 6 और 28 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले को जांच में लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक जगहों पर इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों में डर का माहौल न बने।