Vedant Samachar

सुदूर वनांचल बेलर बाहरा में धमतरी पुलिस की पहल, तीन दिवसीय ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन

Vedant Samachar
3 Min Read

धमतरी,14 दिसंबर (वेदांत समाचार) । धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग और सिविक एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र थाना मेचका अंतर्गत ग्राम बेलर बाहरा में तीन दिवसीय ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क को बढ़ावा देना तथा पुलिस और जनता के बीच सहयोग को और मजबूत करना रहा।

क्रिकेट प्रतियोगिता में क्षेत्र के 16 ग्रामों की 16 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें क्रिकेट क्लब बासीन, बेलर बाहरा, ठेनहीं, आमाबहार, मासुल खोई, करखा, मादागीरी, मेचका, खालगढ़, अरसी कन्हार, रिसगांव, अर्जुनी, तुमड़ी बहार, दौड़ पंडरी पानी, कसलोर और हाई स्कूल तुमड़ी बहार की टीम शामिल रहीं। सभी टीमों ने खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे का परिचय देते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाया।

प्रतियोगिता में ग्राम ठेनहीं की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 5,000 रुपये नगद पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान की गई। ग्राम बेलर बाहरा की टीम उपविजेता रही, जिसे 3,000 रुपये नगद पुरस्कार एवं शील्ड दी गई। ग्राम रिसगांव की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया और उसे 1,000 रुपये नगद पुरस्कार दिया गया। वहीं ग्राम दौड़ पंडरी पानी की टीम को चतुर्थ स्थान पर रहने के लिए क्रिकेट किट प्रदान की गई। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज़ को क्रिकेट बैट देकर सम्मानित किया गया। प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट भी वितरित की गई।

प्रतियोगिता का समापन 13 दिसंबर 2025 को ग्राम बेलर बाहरा में आयोजित समारोह के साथ हुआ। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से नक्सलवाद से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों से अपराध एवं अपराधियों की समय पर सही जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया और युवाओं को पुलिस भर्ती एवं अग्निवीर योजना को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर ग्राम बेलर बाहरा के दो युवकों के अग्निवीर एवं पुलिस आरक्षक पद पर चयनित होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नगरी विपिन रंगारी, थाना प्रभारी मेचका निरीक्षक अरुण साहू, ग्राम पंचायत बेलर बाहरा के सरपंच नरेश माझी, जनपद सदस्य श्रीधन सोम सहित थाना मेचका का स्टाफ, ग्रामीणजन, युवा वर्ग और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम का वातावरण ऊर्जावान और सकारात्मक बना रहा, जिससे सामुदायिक पुलिसिंग की यह पहल और अधिक सशक्त हुई।

Share This Article