सक्ती, 14 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के डभरा थाना क्षेत्र स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भीषण बॉयलर ब्लास्ट हो गया, जिसमें अब तक 12 मजदूरों की मौत हो चुकी है। इस दर्दनाक हादसे की पुष्टि एएसपी पंकज पटेल ने की है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर ही 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे 18 मजदूरों को तत्काल रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान 8 और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। बाकी 10 घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार कई मजदूर 80 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं।
हादसे में कुल 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रायगढ़ के मेट्रो हॉस्पिटल में 3 घायलों का इलाज जारी है, जबकि 2 मजदूरों को अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। वहीं 6 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद प्लांट परिसर के बाहर मजदूरों के परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और मृतकों के लिए उचित मुआवजा व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद भी प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। कुछ मजदूरों के लापता होने की भी सूचना है, जिससे स्थिति और गंभीर बनी हुई है।
इस गंभीर हादसे को देखते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा घायलों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

