Vedant Samachar

सड़क दुर्घटना : राजधानी के संतोषी नगर चौक में वरिष्ठ पत्रकार मोहसिन खान एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल, चालक मौके से फरार…

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर,07जून 2025(वेदांत समाचार) । राजधानी के संतोषी नगर चौक में वरिष्ठ पत्रकार मोहसिन खान एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन दुर्घटनास्थल से कार का नंबर प्लेट बरामद हुआ है। घटना 25 मई की रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच की है। मोहसिन खान मोटरसाइकिल (CG 04 CM 6475) से बैजनाथपारा से अपने घर संजय नगर लौट रहे थे, तभी भाटागांव की ओर से तेज़ रफ्तार में आ रही एक कार (CG 08 AW 8126) ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मोहसिन करीब 15 से 20 फीट दूर जाकर गिर पड़े उनके साथ चल रहे गुलरेज नामक साथी ने पीछे मुड़कर देखा तो मोहसिन लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े मिले। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मोहसिन ने बताया कि उन्हें सिर, कमर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और चलने-फिरने में काफी दिक्कत हो रही है। मोहसिन से मिलने संपादक जावेद अख्तर को उन्होंने घटना की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक मौके से भाग निकला, लेकिन उसका नंबर प्लेट मौके पर गिर गया, जिसे गुलरेज ने उठा लिया। घटना की सूचना थाना टिकरापारा और रायपुर पश्चिम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. डी.आर. पोर्ते को दे दी गई है। मोहसिन जल्द ही टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। मीडिया जगत में इस घटना को लेकर रोष है और पत्रकारों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी हो और मोहसिन को न्याय मिले।

Share This Article