कोरबा के विधायक लखनलाल देवांगन को मंत्री बनाए जाने की घोषणा कर दी गई, आज लेंगे मंत्री पद की शपथ

कोरबा,22 दिसम्बर । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कोरबा प्रवास के दौरान किए अपने वायदे को पूरा कर दिया है। कोरबा के विधायक लखनलाल देवांगन को मंत्री बनाए जाने की घोषणा कर दी गई है। वे शुक्रवार को शपथ ग्रहण करेंगे। सभा के दौरान शाह ने कहा था कि लखनलाल का भविष्य उज्ज्वल है। इशारों में कही गई यह बात, अब सच साबित हो गई है। देवांगन को मंत्री बनाए जाने की सूचना मिलते ही गुरुवार की रात को समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्री बनाए जाने वाले नौ विधायकों के नाम की घोषणा की, जिसमें लखनलाल का भी नाम शामिल रहा। अभी मंत्रियों के विभाग का बंटवारा नहीं किया गया है। शपथ ग्रहण के बाद विभागों की जिम्मेदारी दी जाएगी। कोरबा के कोहड़िया में रहने वाले लखनलाल की पार्षद के चुनाव से अपनी राजनीतिक शुरूआत की और जीत हासिल की। इसके बाद पहली बार वर्ष 2005 में कोरबा नगर निगम के महापौर के रूप में चुने गए थे।

आठ दिसंबर 2013 को, देवांगन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बोधराम कंवर को हराकर कटघोरा से विधायक बने। इस दौरान डा रमन सिंह की सरकार में संसदीय सचिव ( राज्य मंत्री रैंक) बने। वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में हार गए। इसके बाद वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कोरबा विधानसभा से चुनाव लड़ा और तीन बार के विधायक व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल को परास्त किया।