एमसीबी ,05जून 2025(वेदांत समाचार):विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत सिरौली, जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए “एक पेड़ माँ के नाम 2.0“ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मनेन्द्रगढ़ की गरिमामयी उपस्थिति में जनपद सदस्य, सरपंच, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सभी ने पर्यावरण की रक्षा के लिए संकल्प लिया और ग्रामवासियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। इस विशेष अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को भी पौधे वितरित किए गए, जिससे वे अपने आवासों के समीप वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम के अमृत सरोवर स्थल पर भी वृक्षारोपण किया गया, जिससे न केवल पर्यावरण को लाभ होगा, बल्कि जल संरक्षण एवं जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामवासियों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा गया और सभी ने भविष्य में भी इसी प्रकार वृक्षारोपण अभियान को जारी रखने का संकल्प लिया।



