एमसीबी/05 जून 2025/ छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में नया उजाला भर दिया है। इस योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली 1,000 रुपये की मासिक सहायता राशि ने उन्हें न सिर्फ आर्थिक तौर पर सशक्त बनाया है, बल्कि स्वावलंबी बनने का हौसला भी दिया है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की हिन्देश्वरी इंदु राजे की कहानी इसका जीवंत उदाहरण है।
हिन्देश्वरी इंदु राजे की सफलता की कहानी
जिले के चिरमिरी की निवासी हिन्देश्वरी इंदु राजे इस योजना से लाभान्वित होकर अपने जीवन में बदलाव लाने वाली एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं। पहले वे मितानिन के रूप में कार्य करती थीं, लेकिन कुछ कारणों से उनका यह काम छूट गया, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर हो गई। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली 1,000 रुपये की मासिक सहायता ने उनके जीवन में नया बदलाव लाया। हिन्देश्वरी और उनकी माँ उषा देवी ने इस राशि को बचाकर एक छोटा होटल शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने इस पैसे से होटल के लिए कुर्सियाँ, टेबल और बर्तन खरीदकर अपने व्यवसाय का विस्तार किया। आज उनकी आर्थिक स्थिति में काफी सुधार हुआ है, और वे इस योजना के लिए छत्तीसगढ़ सरकार व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करती हैं।
योजना का व्यापक प्रभाव
महतारी वंदन योजना से छत्तीसगढ़ की 70 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। यह योजना न सिर्फ गरीबी उन्मूलन में मददगार साबित हो रही है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। हिन्देश्वरी जैसी कई महिलाएं आज इस योजना की बदौलत नया व्यवसाय शुरू करके अपने परिवार की तकदीर बदल रही हैं। महतारी वंदन योजना सरकार की एक ऐसी पहल है, जिसने गरीबी की मार झेल रही महिलाओं को नया जीवन दिया है। हिन्देश्वरी की कहानी इस बात का प्रमाण है कि थोड़ी सी मदद और हौसला किसी के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकता है।