Vedant Samachar

Korba ब्रेकिंग: सिगड़ी जलाने में सैनिटाइजर का इस्तेमाल पड़ा भारी, दो महिलाएं झुलसीं…जिला अस्पताल में भर्ती

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 24 फरवरी (वेदांत समाचार)। कोरबा में सैनिटाइजर से सिगड़ी जलाने की कोशिश के दौरान ननद-भाभी बुरी तरह झुलस गई। घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र की गेवरा बस्ती में हुई। संतोषी यादव जो कुछ दिन पहले ही सीतामणी स्थित ससुराल से अपने मायके आई थी, 60 प्रतिशत झुलस गई। उनकी भाभी गीता यादव 15 प्रतिशत झुलसी है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना दोपहर के समय की है। दोनों महिलाएं अलग-अलग कोयले की सिगड़ी जला रही थीं। कोयला जल्दी नहीं जल रहा था और मिट्टी का तेल उपलब्ध नहीं था। इसलिए दोनों ने सैनिटाइजर का उपयोग करने का निर्णय लिया। सैनिटाइजर डालते ही आग की लपटें तेजी से उठीं और दोनों महिलाएं इसकी चपेट में आ गई।

काफी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोनों को तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।

जिला अस्पताल चौकी प्रभारी दाऊद कुजुर के अनुसार, एक महिला की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें रेफर कर दिया गया है। दूसरी महिला की स्थिति स्थिर है। पुलिस ने मामले में बयान दर्ज कर लिए हैं और जांच के लिए संबंधित थाने को डायरी भेजी जाएगी।

Share This Article