बिलासपुर,04जून 2025(वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में पदस्थ डॉक्टर दम्पति संजय बंजारे और उनकी पत्नी पल्लवी बंजारे पर मकान बेचने के नाम पर एक नहीं, बल्कि कई लोगों से लाखों की ठगी करने का आरोप है। एक मामले में दोनों ने रायगढ़ के एक ठेकेदार से 15 लाख 50 हजार रुपये एडवांस लिए, तो वहीं रायपुर के एक युवक से 10 लाख रुपये, लेकिन न तो रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे लौटाए। उल्टा जब लोगों ने पैसे वापस मांगे तो धमकी देने लगे। अब दोनों फरार हैं,
मोबाइल बंद हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। रेलवे बंगाली पारा रायगढ़ निवासी 46 वर्षीय चंदन सिंह ठेकेदार ने 2024 में रायपुर के माठपुरैना इलाके में स्थित एक मकान का सौदा सिम्स के डॉक्टर संजय बंजारे और उनकी पत्नी पल्लवी से किया था। सौदा 47 लाख रुपये में तय हुआ और चंदन ने एडवांस में 15 लाख 50 हजार रुपये भी दे दिए। मगर इसके बाद न तो मकान की रजिस्ट्री हुई और न ही पैसे वापस मिले।
बाद में पता चला कि उसी मकान को डॉक्टर दंपती ने बिलासपुर के आशीष टंडन और रायपुर के मोहम्मद तौसीफ को भी बेचने का झांसा दिया था और उनसे भी एडवांस रकम ले ली थी। खुद का मकान एलआईसी के पास गिरवी रखा हुआ है। चंदन सिंह ने इस ठगी की रिपोर्ट रायगढ़ थाने में दर्ज कराई है। एफआईआर के बाद से डॉक्टर दंपती सिम्स में ड्यूटी पर नहीं आ रहे।



