बस्तर में आज भारी बारिश और रायपुर-दुर्ग व बिलासपुर संभाग में हल्की बारिश के आसार

रायपुर,06 दिसम्बर  चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा हुई। बदली व बारिश के साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण दोपहर में ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेशभर में वर्षा के आसार हैं। बस्तर संभाग में भारी बारिश तथा दुर्ग, बिलासपुर व रायपुर संभाग में हल्की बारिश की संभावना है। मंगलवार के दिन का तापमान पिछले करीब दस वर्षों में दिसंबर में दिन के तापमान की तुलना में सबसे कम रहा।

अधिकतम तापमान में गिरावट की उम्मीद नहीं

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि चक्रवाती तूफान मध्य बंगाल की खाड़ी और दक्षिण तटीय आंध्रप्रदेश के ऊपर स्थित है। इसके प्रभाव से बुधवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। अधिकतम तापमान में काफी गिरावट हो चुकी है। इसलिए और गिरावट की उम्मीद नहीं है। प्रदेश में धान खरीदी जारी है। बेमौसम वर्षा से किसानों और धान खरीदी केंद्र संचालकों की चिंता बढ़ गई है। इसके अलावा दलहन-तिलहन सहित सब्जी की फसलों पर भी मौसम का प्रभाव पड़ेगा।

रायपुर का अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री, सामान्य से आठ डिग्री कम

सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। रायपुर का अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस कम है। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आठ दिसंबर से मौसम खुलेगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी।

दोपहर में भी गर्म कपड़े पहने निकले लोग

बादल छाने व बारिश के कारण ठिठुरन बढ़ने से दोपहर में भी लोग घरों के साथ ही सड़कों पर भी गर्म कपड़े पहनकर निकले। वहीं बारिश के चलते लोग रेनकोट पहनकर बाहर निकले। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही रहेगा।

गर्म कपड़ों के स्टालों में भीड़

ठंड बढ़ते ही अब मोतीबाग, पंडरी, आमापारा, संतोषीनगर, टिकरापारा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगे गर्म कपड़ों के स्टालों में ग्राहकों की भीड़ आने लगी है। बढ़ती ठंड को देखते हुए कारोबारियों ने इस वर्ष काफी अच्छा कारोबार की उम्मीद जताई है। मालूम हो कि पिछले वर्ष ठंड कम पड़ने से गर्म कपड़ों के कारोबार को जबरदस्त झटका लगा था। गर्म कपड़ों में अभी 20 फीसद छूट दी जा रही है। इसके साथ ही कपड़े संस्थानों में भी गर्म कपड़ों की नई रेंज आई हुई है।