MP Chunav 2023: हरदा में भाजपा का दबदबा, मंत्री कमल पटेल 3200 से ज्यादा वोटों से आगे

हरदा। प्रदेश की हरदा विधानसभा सीट पर हरदा विधानसभा सीट पर एक बार फिर कमल खिलता नजर आ रहा है। यहां पांचवें चरण की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी के तौर पर मंत्री कमल पटेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 3293 मतों से आगे चल रहे हैं। कमल पटेल को 23745 मत मिले हैं, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी डा. आरके दोगने को 20452 वोट प्राप्त हुए हैं। ये दोनों ही नेता लगातार तीसरी बार चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं।

तीसरे राउंड की मतगणना के बाद कमल पटेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के डा. आरके दोगने से 1304 मतों से आगे चल रहे हैं। कमल पटेल को 14252 मत मिले हैं, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी डा. आर के दोगने को 12948 वोट प्राप्त हुए हैं। दूसरे चरण की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी कमल पटेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के डा. आरके दोगने से 630 मतों से आगे चल रहे थे। कमल पटेल को जहां 8935 वोट मिले थे, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी डा. आर के दोगने को 8305 मत प्राप्त हुए हैं।

1993 में पहली बार यहां से चुनाव लड़े थे कमल पटेल

गौरतलब है कि इस सीट पर हुए बंपर मतदान ने दोनों प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ा रखी हैं। इस सीट पर कमल पटेल को भाजपा ने 1993 में पहली बार अपना प्रत्याशी बनाया था और विजय हासिल की थी। तब से लेकर कमल पटेल आधा दर्जन बार यहां से चुनाव मैदान में उतर चुके हैं, जिसमें एक बार वर्ष 2013 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

तीसरी बार हैं आमने-सामने

तब कांग्रेस के डा. रामकिशोर दोगने ने ही उन्हें चुनाव में हराया था। हालांकि 2018 में हुए अगले ही चुनाव में कमल पटेल ने इस हार का बदला लेते हुए डा. दोगने को पटखनी दी थी। इस तरह एक बार दोगने और एक बार कमल पटेल जीते हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प है कि इस बार बाजी किसके हाथ लगेगी। इसका फैसला आज हो जाएगा।