कड़ाके की ठंड के लिए करना होगा इंतजार, आज बस्तर क्षेत्र में हल्की बारिश के आसार

रायपुर,24 नवंबर ।  प्रदेश में कड़ाके की ठंड के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। अगले सप्ताह यानी सोमवार से प्रदेश में अच्छी ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इन दिनों ठंड थोड़ी कम हो गई है और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा है।

आने वाले चार से पांच दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके साथ ही शुक्रवार को बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा की संभावना है। विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। लेकिन हल्की बारिश व बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

गुरुवार सुबह से रायपुर सहित प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल भी छाए रहे। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में 65 डिग्री पूर्व तथा 30 डिग्री उत्तर में 5.8 किमी ऊंचाई पर है। इसके प्रभाव से वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ रही है और न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी की संभावना है। इन दिनों शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों के स्टाल भी लग गए हैं। साथ ही कपड़ा संस्थानों में गर्म कपड़ों की नई रेंज उपलब्ध है।

अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा

गुरुवार को प्रदेशभर में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। रायपुर का न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले सप्ताह से प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।