खाना खजाना : सेवई

ईद मिलाद-उन-नबी को पैगंबर मुहम्मद साहब के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। हर मुस्लिम परिवार में इस दिन को खुशी के साथ मनाता है। ऐसे में हर घर में कुछ खास रेसिपीज बनाई जाती हैं। इन्हीं में से एक है सेवई। सेवई को आप तमाम प्रकार से बना सकते हैं। दरअसल, दूध वाली सेवई हर जगह बनाई जाती हैं लेकिन, इन सेवई के बारे में आप में से बहुत से कम लोग ही जानते होंगे। कभी खाई भी होगी तो आपको इनकी रेसिपीज के बारे में पता नहीं होगा। ऐसे में जानते हैं ईद मिलाद-उन-नबी पर आप सेवई को कैसे बनाएं।

किमामी सेवई रेसिपी 

किमामी सेवई रेसिपी लखनऊ में काफी फेमस है। इसमें सेवई को कीमा की तरह बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए 250 ग्राम महीन सेवई भूनकर रख लें। अब इसमें ऊपर से घी डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। फिर दूसरे बर्तन में चीनी डालकर अच्छी तरह से घोल तैयार कर लें और इसमें सेवई को मिक्स कर लें। अब इसमें केवड़ा इत्र, ड्राई फ्रूट्स और बाकी चीजें कूटकर मिला लें। अब धीमी आंच पर इसे पकाएं और 10 मिनट में पक जाने के बाद इसे उतार लें।

मीठी सेवइयां

मीठी सेवइयां, लखनऊ की नवाबी डिश है। इसे बनाने के लिए सेवई को खालिस घी में भून लें। इसके बाद इसे चीनी के शीरे में पकाएं। इसके बाद इसमें ऊपर से मेवा और केसर मिलाएं। सबको अच्छी तरह से पकाएं। लो तैयार हो गई आपकी मीठी सेवइयां जिसे खाकर आप भी कहेंगे वाह!

शीर खुरमा

शीर खुरमा बनाने के लिए सेवई भून लें और दूध को केसर डालकर अलग से पका लें। अब इसमें सेवई डालें और फिर अच्छी तरह से पका लें। इसमें ऊपर से खजूर पीसकर डालें और फिर अच्छी तरह से पकाएं। इसमें ऊपर से घी और ड्राई फ्रूट्स डालें और अच्छी तरह से पका लें। इस तरह तैयार हो गया आपका शीर खुरमा।

शाही फिरनी

शाही फिरनी बनाने के लिए चावल और सेवई किसी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। आपको करना ये है कि सेवई को भून लें और अलग करके रख लें। ध्यान रहे कि इसमें आपको बहुत बारीक सेवई का इस्तेमाल करना है। अब ज्यादा दूध लें और इसमें केसर डालकर अच्छी तरह से पका लें। इसे ऐसे पकाएं कि ये गाढ़ा हो जाए। फिर इसमें ऊपर से पिस्ता, बादाम और इलायची डालकर अच्छे से पकाएं।