KORBA NEWS : प्रयोग ही पूरा करते हैं अध्ययन, छात्रों ने किया ज्ञान का प्रदर्शन

कोरबा, 23 नवम्बर । स्वामी आत्मानंद विद्यालय, जमनीपाली, में छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न विषयों के मॉडल बनाकर प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही शिक्षकों एवं निर्णायकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

स्कूली शिक्षा की उन्नति के साथ ही मॉडल प्रदर्शनी वार्षिक कैलेंडर का अभिन्न अंग बन चुकी है। स्वामी आत्मानंद स्कूल, जमनीपाली, में यह प्रदर्शनी दिनांक 22 नवम्बर के दिन आयोजित की गई। छात्र छात्राओं द्वारा विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेज़ी एवं गणित के विभिन्न विषयों पर चार्ट एवं मॉडल बना कर अपने ज्ञान एवं समझ का प्रदर्शन किया गया। विज्ञान में जहां छात्रों द्वारा प्रदूषण के दुष्प्रभाव, मानव श्वसन तंत्र एवं परमाणु की संरचना जैसे विषयों पर प्रस्तुति दी गयी, वहीं सामाजिक विज्ञान में उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग और बायोगैस आदि पर मॉडल बनाये। गणित के सूत्रों को भी छात्रों द्वारा आसानी से मॉडल के माध्यम से समझाया गया। अलजेब्रा, ज्योमेट्री और टैगोनोमेट्री जैसे कठिन विषयों को भी छात्रों द्वारा बड़ी सरलता से समझाया गया। अंग्रेज़ी के मॉडल्स में छात्रों ने व्याकरण के सूत्रों के अलावा अंग्रेजी भाषा के प्रतिदिन उपयोग के ऊपर प्रस्तुति दी गयी। उन्होंने शब्दों का ज्ञान बढाने हेतु विशेष खेलों का आयोजन किया, साथ ही छात्रों द्वारा बनाई गई मैगज़ीन आकर्षण का केंद्र रही।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने कहा कि आज के समय में केवल पुस्तकीय ज्ञान काफी नहीं है। मॉडल और वीडियो ज्ञान के प्रचार प्रसार के अद्भुत माध्यम बनकर उभरे हैं। विद्यालय की वरिष्ठ व्याख्याता अंजू सिंह, रेखा सिंह एवं अंजुलता राठौर ने मॉडल प्रदर्शनी में निर्णायक की भूमिका निभाते हुए मॉडल्स का अवलोकन किया तथा छात्रों से प्रश्न कर उनके ज्ञान की परख की। सभी छात्रों ने अंग्रेज़ी में अपनी प्रस्तुति देते हुए उनके प्रश्नों के उत्तर दिए तथा इस प्रदर्शनी से उन्हें प्राप्त होने वाले लाभ के विषय में भी अपने विचार व्यक्त किये।