Ghol Fish: गुजरात की राज्य मछली बनी घोल फिश, कीमत इतनी कि पूरी हो जाएगी विदेश की सैर

Ghol Fish: नॉनवेज लवर्स के लिए मछली एक पॉपुलर ऑप्शन है। लोग अपनी पसंद और स्वाद के मुताबिक इसे खाना पसंद करते हैं। फिश लवर्स के लिए बाजार में कई तरह की मछलियां मौजूद होती हैं। कई लोगों में जहां नदी के पानी की मछलियां खाना पसंद होती हैं, तो वहीं कुछ समुद्री मछलियां खाना बेहद पसंद करते हैं। आपने कई तरह की मछलियों का स्वाद चखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी घोल मछली खाई है। यह कोई ऐसी वैसी मछली नहीं, गुजरात की राज्य मछली है। आइए जानते हैं इसके बारे में सबकुछ-

हाल ही में अहमदाबाद में हुए दो दिवसीय वैश्विक मत्स्य पालन सम्मेलन भारत 2023 के दौरान मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने घोल मछली को गुजरात की राज्य मछली घोषित किया गया। यह भारत में पाई जाने वाली सबसे बड़ी मछलियों में से एक है। खासतौर पर यह मछली गुजरात और महाराष्ट्र के समुद्री इलाकों में पाई जाती है। यह मछली सुनहरे-भूरे रंग में पाई जाती है।

क्या है मछली खासियत?

यह मछली खासतौर पर अपने मांस और एयर ब्लैडर के कारण काफी मांग में रहती है। इसका इस्तेमाल बीयर और वाइन बनाने के लिए किया जाता है। साथ ही इसके एयर ब्लैडर का उपयोग फार्मास्यूटिकल्स में किया जाता है। घोल मछली के इतने उपयोग की वजह से इसका मांस और एयर ब्लैडर अलग से बेचा जाता है। खासतौर पर इसका एयर ब्लैडर मुंबई से निर्यात किया जाता है।

क्या है इसकी कीमत?

बात करें इसकी लंबाई की, तो यह मछली लगभग डेढ़ मीटर लंबी होती है। सिर्फ लंबाई ही नहीं, इस मछली की कीमत भी काफी ज्यादा होती है। इसकी कीमत इतनी ज्यादा है कि इतने रुपये में आप विदेश की यात्रा कर लेंगे। आपको यकीन नहीं हो रहा, तो चलिए आपको बताते हैं इसकी कीमत। गुजरात की राज्य मछली बनी घोल मछली की कीमत 5 लाख रुपये तक हो सकती है, यही वजह है कि जो मछुआरे घोल मछली पकड़ पाते हैं, वे सालाना लाखों कमा सकते हैं।