KORBA BREAKING:महिला मानदेय शिक्षिका से छेड़छाड़ के आरोप में सहायक शिक्षक निलंबित, विभागीय जांच शुरू - vedantsamachar.in

KORBA BREAKING:महिला मानदेय शिक्षिका से छेड़छाड़ के आरोप में सहायक शिक्षक निलंबित, विभागीय जांच शुरू

कोरबा,04 अगस्त (वेदांत समाचार)। महिला मानदेय शिक्षिका से अश्लील बातचीत और छेड़छाड़ के आरोप में जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक शाला सरसाडेवा में पदस्थ सहायक शिक्षक पटैत सिंह पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत श्यांग के सरपंच ने 29 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि सहायक शिक्षक पटैत सिंह पैकरा ने मानदेय शिक्षिका सुषमा निषाद के साथ अश्लील बातचीत करते हुए छेड़छाड़ की। शिकायत के बाद संकुल प्राचार्य एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक, श्यांग द्वारा मामले की जांच की गई। जांच प्रतिवेदन में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

जांच रिपोर्ट के आधार पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कोरबा ने संबंधित शिक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा। इसके बाद 31 जुलाई 2026 को शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। शिक्षक ने 3 अगस्त को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन उसका परीक्षण करने के बाद विभाग ने उसे असंतोषजनक माना।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित शिक्षक का कृत्य घोर अनुशासनहीनता एवं यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आता है तथा यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-22 का उल्लंघन है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 एवं 10 के तहत पटैत सिंह पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच संस्थित कर दी गई है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोरबा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।