ईडी और भाजपा ने मिलकर मुख्यमंत्री की छवि खराब करने साजिश रची : कांग्रेस

रायपुर, 4 नवंबर । राजीव भवन में शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुये प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ईडी और भाजपा ने मिलकर मुख्यमंत्री भूपेश की छवि खराब करने साजिश रची। ईडी ने जिस चालक के बयान पर मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया वह भाजपा का कार्यकर्ता है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार के इशारों पर ईडी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश की छवि खराब करने के उद्देश्य से एक दुर्भावनापूर्वक प्रेस नोट जारी किया गया। इसमें ईडी ने सिर्फ एक आरोपित के फौरी बयान के आधार पर मुख्यमंत्री के खिलाफ बिना किसी प्रमाण के, बिना किसी जांच के पैसे लेने का प्रेसनोट हड़बड़ी में जारी कर दिया। जारी प्रेस नोट यह साबित करने के लिये पर्याप्त है कि यह भाजपा को एक चुनावी मुद्दा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के उद्देश्य से षड़यंत्रपूर्वक जारी किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस चालक के बयानों के आधार पर मुख्यमंत्री पर अनर्गल आरोप लगाये गये हैं ,वह भाजपा का कार्यकर्ता है। वह वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम प्रकाश पांडे के अनन्य सहयोगी पियूष मिश्रा का सहयोगी है। वह रमन सिंह का भी कार्यकर्ता है। रमन सिंह के साथ उसकी तस्वीर सोशल मीडिया में है।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष ने कहा कि असीम दास जिसके साथ रमन सिंह और पियूष मिश्रा जो भाजपा का पार्षद है, जो प्रेम प्रकाश पांडे का प्रतिनिधि था उसके बयानों के आधार पर मुख्यमंत्री पर आरोप लगाना साफ करता है कि ईडी का प्रेस नोट भाजपा की साजिश है। महादेव एप्प को भाजपा का पूरा संरक्षण है, केंद्र सरकार और भाजपा के संरक्षण में ही महादेव एप्प चल रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस के साथ महादेव एप्प के सरगना सौरभ चंद्राकर और युसूफ पुट्टी जो कि महादेव एप्प का एक सहयोगी है, जिसके खिलाफ एफआईआर भी हुई ,उसकी तस्वीर रमेश बैस के साथ है। युसूफ पुट्टी के साथ दुबई कौन से भाजपा नेता गये थे इसकी जांच होनी चाहिये?

उन्होंने पूछा कि रमन सिंह के बेटे अभिषेक सिंह और रमन के पूर्व 3 नौकरशाह का बेटा दुबई क्यों जाते है ,इसका जवाब दें? रमन सिंह, अभिषेक सिंह के पासपोर्ट को सार्वजनिक करें।महादेव एप्प बना कर संगठित आर्थिक अपराध सट्टा खिलाने का नेटवर्क पूरे देश में चलाया जा रहा था। छत्तीसगढ़ में महादेव एप्प के संचालन की जानकारीसामने आयी थी। इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी सामने आने के बाद महादेव एप्प में छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई की जा रही है। बड़े पैमाने पर अपराधियों की छत्तीसगढ़ और देश भर में गिरफ्तारियां भी की गयी। इस गैर कानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की कार्रवाई की जा रही है। एकमात्र छत्तीसगढ़ पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। अभी तक छत्तीसगढ़ पुलिस ने 449 आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।