खरसिया पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल चोर, 1 बाइक, 2 स्कूटी समेत करीब 2 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद - vedantsamachar.in

खरसिया पुलिस के हत्थे चढ़ा सीरियल चोर, 1 बाइक, 2 स्कूटी समेत करीब 2 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद

रायगढ़, 04 अगस्त (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले की खरसिया पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर सीरियल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, दो स्कूटी, पोको कंपनी का मोबाइल, तीन गैस सिलेंडर और सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स सहित करीब दो लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है। आरोपी ने पूछताछ में क्षेत्र में हुई कई चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत एडिशनल एसपी अनिल सोनी और नवपदस्थ एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना एवं चौकी खरसिया की संयुक्त पुलिस टीम ने इस सफलता को हासिल किया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक चोढ़ा चौक के पास चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने थाना खरसिया की टीम के साथ मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम करन चौहान (21 वर्ष) निवासी गांधीनगर मदनपुर, थाना खरसिया बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपने पास मौजूद सामान के चोरी का होने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद थाना लाकर की गई विस्तृत पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने 12 जुलाई को उत्तम ढाबा, खरसिया से एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 BM 3078 चोरी की थी, जिसे बाद में रेलवे साइडिंग के पास छोड़ दिया था। इसके बाद 23 जुलाई को ग्राम बासमुड़ा से चाबी लगी टीवीएस जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG 13 AY 8518 चोरी की। 24 जुलाई की रात ग्राम बगबुढ़वा में एक सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स और फैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BE 3863 चोरी कर ली। वहीं 29 जुलाई को मदनपुर बस्ती से अलग-अलग घरों से तीन खाली गैस सिलेंडर तथा 1 अगस्त को ग्राम पतरापाली से चार्जिंग पर लगा पोको कंपनी का मोबाइल चोरी किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी का सामान बेचने की फिराक में था। पुलिस ने उसके मेमोरेंडम के आधार पर मदनपुर चौक के पास स्थित एक खंडहर मकान में छापेमारी की, जहां से चोरी की मोटरसाइकिल, दोनों स्कूटी, पोको मोबाइल, तीन गैस सिलेंडर और सीसीटीवी डीवीआर बॉक्स बरामद किए गए। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है।

आरोपी ने यह भी बताया कि चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर भी उसी खंडहर में छिपाए थे, लेकिन पुलिस की तलाशी के दौरान जेवर बरामद नहीं हो सके। पुलिस अब उनकी तलाश में आगे की कार्रवाई कर रही है।

इस कार्रवाई से चौकी खरसिया में दर्ज अपराध क्रमांक 355/2026 तथा थाना खरसिया में दर्ज अपराध क्रमांक 397/2026 का सफल खुलासा हुआ है। पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और विवेचना जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, प्रधान आरक्षक उदय सिंह सिदार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। खरसिया के अलावा जूटमिल, कोतरारोड़, चक्रधरनगर, भूपदेवपुर और धरमजयगढ़ थाना क्षेत्रों में भी चोरी के मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें हर वारदात की गहराई तक पहुंचकर अपराधियों को कानून के शिकंजे में लाने के लिए लगातार सक्रिय हैं।