छत्तीसगढ़ ब्रेकिंग न्यूज : अब प्रदेश में धान खरीदी के लिए बायोमेट्रिक की अनिवार्यता हुई खत्म, फूड सेक्रेट्री ने कलेक्टरों को लिखा पत्र….पढ़िए पूरी खबर…

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कल एक नवंबर से धान खरीदी शुरू होने जा रही है। भारत सरकार ने अबकी किसानों के बायोमेट्रिक के जरिए धान खरीदी करने का निर्देश दिया था। मगर खाद्य सचिव टीपी वर्मा ने कमिश्नरों और कलेक्टरों को पत्र लिख कहा है कि बायोमेट्रिक की व्यवस्था करने में वक्त लगेगा। इसलिए बिना बायोमेट्रिक ही धान खरीदी की जाए।

खाद्य विभाग के अफसरों के अनुसार बिना बायोमेट्रिक के धान खरीदी के लिए भारत सरकार से अनुमति मांगी गई थी, जो मिल गई है। यह अनुमति थोड़े समय के लिए ही मिली। अफसरों ने बताया कि धान खरीदी केंद्रों में बायोमेट्रिक मशीन लगाने के लिए टेंडर जारी किया गया था। टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन टेंडर हासिल करने वाली कंपनी ने मशीन की आपूर्ति के लिए थोड़ा वक्‍त मांगा है।

कंपनी ने 4 नवंबर तक मशीन खरीदी केंद्रों तक पहुंचा देने की बात कही है। इसी आधार पर भारत सरकार से कुछ दिनों की राहत मांगी गई थी। अफसरों ने बताया कि धान खरीदी के लिए करीब 3 हजार बायोमेट्रिक मशीन की जरुरत है। इसमें 2617 मशीन खरीदी केंद्रों में लगाई जाएगी। बाकी मशीन रिजर्व में रखा जाएगा।