ओडिशा के सतर्कता विभाग ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में सड़क और योजना (आरडब्ल्यू) डिवीजन के मुख्य इंजीनियर बैकुंठ नाथ सारंगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने बैकुंठ के अंगुल, भुवनेश्वर और पुरी के पिपिली स्थित उनके सात स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस छापेमारी में कुल 2.1 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई, लेकिन छापे के दौरान एक दिलचस्प वाकया भी सामने आया। जब सतर्कता विभाग की टीम बैकुंठ नाथ सारंगी के भुवनेश्वर स्थित फ्लैट में पहुंची, तो उन्होंने अधिकारियों को देखकर घबराहट में आकर 500 रुपये के नोटों के बंडल खिड़की से फेंकने की कोशिश की। हालांकि, अधिकारियों ने गवाहों की मौजूदगी में इन नोटों के बंडल को बरामद कर लिया। इस दौरान अधिकारियों के पसीने छूट गए क्योंकि नोटों की गिनती करते समय यह रकम इतनी अधिक थी कि मशीनों से भी इसे गिनने में समय लग रहा था।
सारंगी पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी पद का दुरुपयोग करके अवैध तरीके से संपत्ति जमा की। सतर्कता विभाग अब उनकी अन्य संपत्तियों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रहा है। इस कार्रवाई ने सरकारी अधिकारियों के बीच भ्रष्टाचार और अनैतिक संपत्ति संचय के मुद्दे को एक बार फिर उजागर किया है। इस छापेमारी ने यह साबित कर दिया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
कहां से कितनी नकदी मिली?
-अंगुल: 1.1 करोड़ रुपये नकद
-भुवनेश्वर: फ्लैट नंबर सी-102 से 1 करोड़ रुपये नकद बरामद
-इसके अलावा, पुरी, शिक्षकपाड़ा, लोकेइपासी और मटियासाही में भी छापेमारी की गई।



