CG News :कांग्रेस ने ही बनवाएं सभी बांध, आगे भी करेगी विकास

कवर्धा,17 अक्टूबर ।  कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद अकबर ने कहा है कि कवर्धा की जनता से उनका परिवार के तरह नाता है। यह पूरा क्षेत्र कृषि प्रधान है, जिसके देखते हुए सिंचाई के विस्तार के लिए हर संभव कार्य कांग्रेस की सरकार ने किया है। यहां जितने भी बांध बने है सभी बांध को कांग्रेस सरकार ने बनवाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने यहां के लिए मेडिकल कॉलेज, सकरी नदी पर पुल, जंगल सफारी, एथेनॉल प्लांट जैसी सौगात दी है। इसे देखते हुए भविष्य में भी यहां के लिए विकास के कार्य में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

मोहम्मद अकबर ने कहा कि सरोदा, छीरपानी जलाशय कांग्रेस की सरकार में बने। उन्होंने छत्तीसगढ़ की प्रथम सरकार में मंत्री रहते हुए सुतियापाट जलाशय का निर्माण कराया था। इसी तरह का बांध आज बनाया जाएगा तो 600 करोड़ रूपए की लागत आएगी। मोहम्मद अकबर ने कहा कि उन्होंने भूपेश बघेल सरकार में मंत्री रहते हुए घटोला जलाशय, जगमड़वा जलाशय तथा बरोदाखुर्द जलाशय की स्वीकृति कराई तथा राशि भी उपलब्ध कराई। खम्हरिया व्यपवर्तन योजना के लिए राशि की स्वीकृत कराई। कबीरधाम जिले में गन्ना उत्पादक किसानों के हित में पहला शक्कर कारखाना भी उन्होंने कांग्रेस सरकार में मंत्री रहते बनवाया।

कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद अकबर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गांव-गांव में रोजगार के अवसर पैदा किए है। गौठान में गोबर और गोमूत्र की खरीदी की जा रही है। महिला समूह वर्मी कम्पोंस्ट बनाकर उसकी बिक्री कर पैसा कमा रहें है। रीपा के जरिए ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर कराएं गए है। जगह-जगह सी मार्ट बनाएं गए है जहां महिलाएं अपने द्वारा उत्पादित वस्तुओं की बिक्री कर रहे है। कांग्रेस की सरकार ने किसानों से प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी का निर्णय लिया है। यही सब कारण है कि कांग्रेस पार्टी को छत्तीसगढ़ की जनता का भरपूर आर्शीवाद मिल रहा है। प्रदेश में कांग्रेस फिर से एकबार सरकार बनाएगी। कवर्धा में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी।

भारत माता चौक में आयोजित सभा का संचालन कवर्धा शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने किया। मंच पर पंडरिया के कांग्रेस प्रत्याशी नीलकंठ चंद्रवंशी, कबीरधाम जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष होरीराम साहू, छत्तीसगढ़ क्रेडा के सदस्य कन्हैया अग्रवाल, कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि शर्मा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष गंगोत्री गणेश योगी, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष रानू मनोज दुबे आदि उपस्थित थे।