CG News :चुनाव के दौरान भी थम नहीं रही गुटबाजी…

भिलाई,15 अक्टूबर । चुनाव सिर पर है और चरोदा मंडल भाजपा की गुटबाजी थम नहीं रही है। गुटबाजी और आपसी खींचतान पूरे चरम पर पहुंच गई है। इसकी बानगी देखिए शनिवार दोपहर भाजयुमो के जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति करते हैं। शाम को चरोदा मंडल की अध्यक्ष सुषमा जेठानी द्वारा एक और मंडल अध्यक्ष नियुक्त कर दिया जाता है। इस बात से खासा हड़़कंप मचा हुआ है। हालांकि भाजपा के जिला अध्यक्ष ने साफ  कह दिया है कि भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने जो नियुक्ती की है वही सही है।

भाजपा में गुटबाजी खत्म करने का तमाम प्रयास विफल रहा। एक महीने बाद चुनाव हैं पर संगठन तितर-बितर दिख रहा है। कोई अनुशासन नजर नहीं आ रहा है। कोई किसी की सुनने को तैयार नहीं है। ऐसे में पार्टी प्रत्याशी के लिए मुसीबत खड़ी हो गई है। दरअसल शनिवार दोपहर भारतीय जनता युवा मोर्चा के भिलाई जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा ने समीर अग्रवाल को भाजयुमो चरोदा मंडल अध्यक्ष नियुक्त करते हुए एक नियुक्ति पत्र जारी किया। जिसमें भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत की अनुमति तथा भिलाई जिला अध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया की सहमति का जिक्र किया गया है।

नियुक्त पत्र जारी होते ही समीर अग्रवाल को बधाई भी मिलनी शुरू हो गई। जैसे ही समीर अग्रवाल की नियुक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल हुई। चरोदा मंडल भाजपा का दूसरा गुट सक्रिय हो गया। दो घंटे बाद मंडल अध्यक्ष सुषमा जेठानी ने अपने लेटर हेड से एक नियुक्ति पत्र जारी करते हुए अजय साहू को भाजयुमो चरोदा मंडल का अध्यक्ष घोषित कर दिया। नियुक्ति पत्र में मंडल महामंत्री मुकेश अग्रवाल तथा भिलाई चरोदा निगम में भाजपा पार्षद दल के नेता खिलावन वर्मा का भी हस्ताक्षर है। एक ही दिन में दो-दो नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ता खासे नाराज है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि चुनाव के समय में भी भाजपा के पदाधिकारियों गुटबाजी आपसी खींचतान पार्टी को नुकसान पहुंचा सकती है।