व्यय प्रेक्षक ने अंतागढ़ व कोयलीबेड़ा के चेक पोस्ट का किया निरीक्षण

उत्तर बस्तर कांकेर,15 अक्टूबर  विधानसभा निर्वाचन 2023 की अधिसूचना निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कर दी गयी है। निर्वाचन के दौरान प्रत्याशियों द्वारा किए गए व्यय की निगरानी के लिए आयोग द्वारा व्यय प्रेक्षक की नियुक्ति की गयी है। इसी क्रम में आज कांकेर जिले के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक संजय कुमार साहू द्वारा अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-79 अंतर्गत अंतागढ़ एवं कोयलीबेड़ा में बने एसएसटी (स्थैतिक निगरानी दल) चेक पोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

इस दौरान उन्होंने चेक पोस्ट में संधारित पंजियो का निरीक्षण किया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को आयोग के निर्देशानुसार सतर्कता एवं सजगता के साथ वहां से गुजरने वाले सभी वाहनों की सघन जांच हेतु निर्देशित किया। व्यय प्रेक्षक साहू ने वहां से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन का सघन चेकिंग करने और गतिविधियों पर पैनी निगाह रखने के भी निर्देश तैनात अधिकारियों को दिए।