जरूरतमंद मासूम के लिए महिला आरक्षक ने किया 18वां रक्तदान, धमतरी पुलिस ने सराहा सेवा भाव - vedantsamachar.in

जरूरतमंद मासूम के लिए महिला आरक्षक ने किया 18वां रक्तदान, धमतरी पुलिस ने सराहा सेवा भाव

धमतरी, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। पुलिस सेवा के साथ मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए धमतरी पुलिस की महिला आरक्षक अमृता सेंगर ने एक मासूम बच्चे की जान बचाने के लिए तत्काल रक्तदान किया। सूचना मिलते ही वे देर रात रक्तदान केंद्र पहुंचीं और अपना 18वां स्वैच्छिक रक्तदान कर बच्चे के उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त की रात करीब 10 बजे रेडक्रॉस सोसायटी के शिवा प्रधान ने महिला आरक्षक अमृता सेंगर को सूचना दी कि एक मासूम बच्चे को तत्काल रक्त की आवश्यकता है। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए अमृता सेंगर बिना किसी देरी के रक्तदान केंद्र पहुंचीं और रक्तदान किया।

महिला आरक्षक अमृता सेंगर पुलिस विभाग में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ ही सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में भी सक्रिय रहती हैं। जरूरतमंदों की सहायता के लिए उनका यह कदम पुलिस के सेवा भाव को दर्शाता है।

एसपी धमतरी ने महिला आरक्षक अमृता सेंगर के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़े होकर मानवता की सेवा करना भी पुलिसिंग का अहम हिस्सा है। धमतरी पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी समय-समय पर जरूरतमंद मरीजों एवं आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता वाले लोगों के लिए स्वैच्छिक रक्तदान करते रहे हैं। पुलिस कर्मियों द्वारा अपनी ड्यूटी के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए रक्तदान के माध्यम से जीवन बचाने का कार्य किया जा रहा है।

महिला आरक्षक अमृता सेंगर का 18वां स्वैच्छिक रक्तदान पुलिस विभाग के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी प्रेरणा है। उनके इस प्रयास से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का संदेश मिला है।

धमतरी पुलिस ने महिला आरक्षक अमृता सेंगर को उनके सेवाभाव और मानवीय कार्य के लिए बधाई दी है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में भाग लेकर जरूरतमंदों की सहायता करें।