अब Vande Bharat Sleeper में लेटकर करें यात्रा, आ रहा नया स्लीपर वर्जन, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी जानकारी…देखें तस्वीरें…

तेज रफ्तार वंदे भारत एक्सप्रेस की यात्रा अब और आरामदायक होने जा रही है। भारतीय रेलवे अब इन सेमी हाई स्पीट ट्रेनों का नया स्लीपर वर्जन पेश करने की तैयारी कर रही है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी है। खास बात है कि फिलहाल पटरियों पर दौड़ रहीं वंदे भारत ट्रेनों में सिर्फ बैठकर ही यात्रा करने की सुविधा है।

वैष्णव ने ट्वीट किया, ‘कॉन्सेप्ट ट्रेन-वंदे भारत (स्लीपर वर्जन)’। साथ ही उन्होंने बताया है कि नई स्लीपर ट्रेनें 2024 की शुरुआत में आ सकती हैं। रेल मंत्री ने स्लीपर कोच की कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं, जिनमें साफ नजर आ रहा है कि वंदे भारत के स्लीपर कोच राजधानी और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों से भी ज्यादा खास और सुविधाजनक होने वाले हैं।

कितनी होंगी बर्थ?


एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 857 बर्थ होंगी और यह मार्च 2024 तक सामने आ सकती है। हर कोच में तीन टॉयलेट और एक मिनी पेंट्री भी हो सकती है। खबर है कि स्लीपर ट्रेन का प्रोटोटाइप दिसंबर 2023 तक तैयार कर लिया जाएगा। स्लीपर ट्रेन में अब यात्रियों को लंबी और रात में यात्रा करने में आसानी होगी।


फिलहाल, भारत में 33 वंदे भारत ट्रेनें दौड़ रही हैं। कहा जा रहा है कि बैठने की सुविधा वाली कुल 75 वंदे भारत ट्रेनों को चलाया जाएगा और इस लक्ष्य को हासिल करते ही चेयर वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का निर्माण बंद हो जाएगा। इधर, सरकार ने वंदे भारत मेट्रो की भी तैयारी कर ली है, जिसका प्रोटोटाइप दिसंबर तक तैयार किया जा सकता है। वंदे मेट्रो में 12 कोच होंगे।